यूँ देर से आना


इस पोस्ट को देखकर सबसे पहले सोचा होगा की चलो इसने इतने समय बाद कुछ तो लिखा। तब से अब तक क्या कर रहा था? क्यों कुछ लिखा नही? इसके कई जवाब मेरे पास हो सकते हैं और उनमें से आधे बहाने। दरअसल कुछ महीनों पहले मेरा फ़ोन कोई उठा ले गया। नाटक चल रहा था। हम मंच पर थे और मेरा फ़ोन नेपथ्य में। मुझे नही पता था कि नेपथ्य में ये राग चल रहा है। खैर... मैं दिल्ली आ गया और मेरा फ़ोन वहीं हिसार में रह गया। तब से अब तक नया फ़ोन नही लिया। ये जो लिखा जा रहा है ये एक पुराना फ़ोन है जिसकी नेमत है। जितने भी ड्राफ्ट थे वो इस फ़ोन में दिखते नही इसलिए उन्हें ठीक करके पोस्ट करना संभव नही। 
                         एक स्तर तक पहुँचने में कुछ साधन आपकी मदद करते हैं, एक समय पर आप उनके इतने आदि हो जाते हैं कि उनके बिना काम ही नही चलता। हमारी तो मजबूरी ही दूसरी है। ब्लॉग पर पोस्ट करने के लिए भले ही लिख फ़ोन पर लो पर उसे पोस्ट करने के लिए कंप्यूटर की ज़रूरत होती है जोकि है नही। मैं यहाँ जितना भी लिख पाया उसमें से एक-दो पोस्ट को छोड़कर सभी को फ़ोन पर लिखा। एक ईमेल कंपोज़ कर उसे ड्राफ्ट में सेव कर लिया फिर साइबर कैफ़े जाकर उस ईमेल के कंटेंट को कॉपी कर ब्लॉग में जाकर एक पोस्ट का रूप दे दिया। साइबर कैफ़े मुफ्त नही चलता सो घंटा भर का हिसाब से उसको भी दिया। साइबर कैफ़े जाने से बचने के लिए ब्लॉगर की एप्लीकेशन का सहारा लेना चाहा, उसमें भी एक पेंच, फोटो लगाओ तो पोस्ट पब्लिश ही ना हो और लेआउट वगैरह भी नही ठीक कर सकते। ऐसी एप्लीकेशन का जो हश्र होना चाहिए था वही हुआ। सुविधाओं का न होना बड़ा खलता है, उससे भी ज्यादा खलता है संभावनाओं का ना होना। शायद उन सुविधाओं के ना होने पर ही इतना कम लिखा जा रहा, हो ये भी हो सकता है कि पिछली पंक्ति बस एक बहाना भर हो... असल बात कुछ और ही हो।
                             इन बातों को जैसे कह दिया है वैसे कहना नही चाहता था। जिस साल भर की पोस्ट का ज़िक्र पिछली बार किया था ये सब उसमें आता लेकिन आ नही पाया। वो समय गया और बातें भी। बस यहाँ लिखने के अपने तरीके को कहना चाहता था सो कह दिया।

देवेश, 2 जून 2017

टिप्पणियाँ